Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जुलाई। बिसावर के निकट सोमवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखर में जा गिरी। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार चारों युवक गांव विधीपुर के निवासी हैं। वे एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। बिसावर मुख्य मार्ग से गुजरते समय चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित पोखर में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कार के दरवाजे खोलकर सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पोखर में फंसी कार को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन गहरे पानी और कीचड़ में धंस जाने के कारण शुरुआती कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से कार को पोखर से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव विधीपुर से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी ने राहत की सांस ली कि कार में सवार सभी युवक सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे स्थित इस पोखर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत नहीं हैं। उनका कहना है कि इस कारण यहां अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page