Hamara Hathras

Latest News

सासनी 05 जुलाई । कोतवाली क्षेत्र के गांव बत्तीसा में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रास्ते पर सूख रही मक्का पर भैंस के चढ़ जाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव के रास्ते पर मक्का सूख रही थी। इसी दौरान पप्पू की भैंस वहां से निकली, जिससे उसके पैरों से मक्का फैल गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। मारपीट में 45 वर्षीय पप्पू, 22 वर्षीय रजनी पुत्री चंदन, 20 वर्षीय मुस्कान तथा 22 वर्षीय अरुण पुत्र पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन सभी घायलों को तत्काल कोतवाली सासनी लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित पक्ष की ओर से अरविंद कुमार ने गांव के ही पुष्पेंद्र, लवकुश, टिंकू, शनी एवं अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page