Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 जुलाई । भीषण गर्मी और अघोषित बिजली कटौती से प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को हो रही परेशानियों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय 25 जून से संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गर्मी को देखते हुए विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद विद्यालय संचालन के दौरान लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश प्राथमिक विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अध्ययन करते हैं। बिजली न होने के कारण पंखे और अन्य आवश्यक विद्युत उपकरण बंद रहते हैं, जिससे उमस भरी गर्मी में बच्चों को कक्षाओं में बैठने में कठिनाई होती है। इससे कई बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उनकी पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय में उपस्थिति भी प्रभावित हो रही है। शिक्षक संघ ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अघोषित बिजली कटौती बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा, दोनों के लिए नुकसानदायक है। संघ ने मांग की कि विद्यालय समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम से विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। इस पर उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page