
हाथरस 02 जुलाई। राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेली द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सा एवं वित्तीय क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली दो विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में डॉ. रीसा वाष्णेय को चिकित्सा क्षेत्र में उनके समर्पित सेवा भाव, मानवता के प्रति संवेदनशीलता तथा समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सीए सुर्भी मित्तल को वित्तीय एवं लेखा क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनों सम्मानित हस्तियों के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में चार्टर प्रेसिडेंट मंजुलता वाष्णेय, चार्टर डीओए रजनी आंधीवाल, वाइस प्रेसिडेंट गुंजन दीक्षित, यूनिट निदेशक सीमा वाष्णेय, प्रेसिडेंट प्रीति वाष्णेय, आईपीपी शालिनी वाष्णेय, सचिव मीनाक्षी शर्मा, कोषाध्यक्ष गुंजन गर्ग सहित ग्रुप की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में ग्रुप की ओर से कहा गया कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के ऐसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनकी निष्ठा, सेवा-भाव और ईमानदारी समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सभी सम्मानित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


























