Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव सरूपा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मृतका की पहचान रेखा देवी पुत्री बच्चू सिंह, निवासी गांव नगला रतन दास, थाना राया, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रेखा की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व गांव सरूपा निवासी युवक से हुई थी। उनके तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात रेखा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि रेखा ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाया कि रेखा की हत्या की गई है। उनका कहना है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे और ससुराल पक्ष के लोग उसे लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page