सिकन्दराराऊ : अधिवक्ताओं ने ज्ञापन राहुल गांधी तक पहुंचाने के लिए पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष को सौंपा
सिकन्दराराऊ 30 जून। तहसील में रजिस्ट्री व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावित कानून के विरोध में पिछले लगभग 20 दिनों से आंदोलनरत अधिवक्ताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम संबोधित ज्ञापन कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कासगंज जिला कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य को सौंपा गया।
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि अधिवक्ताओं की मांगों और समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह ज्ञापन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज प्रांत प्रभारी श्री तौकीर आलम को प्रेषित कर दिया गया है, ताकि इसे राहुल गांधी तक पहुंचाकर अधिवक्ताओं के पक्ष को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि सिकंद्राराऊ तहसील के अधिवक्ता पिछले लगभग 20 दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष को न्यायोचित मानते हुए शुरू से उनके साथ खड़ी है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई में सहयोग करती रहेगी। चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि अधिवक्ताओं का यह संघर्ष केवल एक वर्ग का मुद्दा नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और आमजन के हितों से जुड़ा विषय है। इसलिए कांग्रेस उनकी आवाज़ को प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ज्ञापन प्रेषित करते समय उनके साथ निवर्तमान प्रदेश महासचिव परवेज अहमद, निवर्तमान प्रदेश सचिव अखिलेश शर्मा, कासगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज पांडे, जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप जादौन, सोशल मीडिया के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन पंडित तथा पूर्व न्याय पंचायत अध्यक्ष अर्जुन बघेल भी उपस्थित रहे। चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस नेतृत्व अधिवक्ताओं की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके न्यायोचित समाधान के लिए प्रभावी पहल करेगा।


























