
हाथरस 30 जून । जिले के सात नगर निकायों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 29.85 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। शासन से प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद अब इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इन विकास कार्यों का लाभ नगर पालिका परिषद चायत सादाबाद, मेंडू, पुरदिलनगर, सहपऊ, हसायन तथा नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ के नागरिकों को मिलेगा। परियोजना के तहत सड़क निर्माण, नालियों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल सुविधाओं का विस्तार, इंटरलॉकिंग सड़कें और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
शासन से स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार नगर पालिका परिषद हाथरस को सबसे अधिक 18.46 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा नगर पंचायत सादाबाद में 4.59 करोड़ रुपये, नगर पंचायत मेंडू में 2.37 करोड़ रुपये, नगर पंचायत पुरदिलनगर में 2.32 करोड़ रुपये, नगर पंचायत सहपऊ में 1.07 करोड़ रुपये, नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ में 59 लाख रुपये तथा नगर पंचायत हसायन में 41.07 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं के लिए 15वें वित्त आयोग की टाइड एवं अनटाइड मद की शेष धनराशि का उपयोग किया जाएगा। प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद अब विकास कार्यों का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्यों को तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर निकायों में सड़क, जल निकासी, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी।






















