
हाथरस 30 जून । थाना गेट क्षेत्र के मोहल्ला जोगीपुरा निवासी एक व्यक्ति से बिना ब्याज पर पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 7 लाख 59 हजार 206 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला जोगीपुरा निवासी मुबारक अली ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वालों ने बिना ब्याज के पर्सनल लोन उपलब्ध कराने का दावा किया। लोन की आवश्यकता होने के कारण वह उनकी बातों में आ गए।\ आरोप है कि ठगों ने विभिन्न शुल्क और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उनसे चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग खातों और मोबाइल नंबरों पर रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अपने कैनरा बैंक, पीली कोठी, नया गंज, हाथरस स्थित खाते सहित अन्य माध्यमों से 3,49,102 रुपये तथा 1,90,000 रुपये भेजे। इसके बाद चार अन्य मोबाइल नंबरों पर भी कुल 2,20,680 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस प्रकार उनसे कुल 7,59,206 रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद न तो उन्हें लोन मिला और न ही अब आरोपियों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क हो पा रहा है। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट और अन्य संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















