Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 जून। कस्बे के विनोबा नगर स्थित पशु अस्पताल गली में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में मंगलवार को कथा व्यास भागवत आचार्य शिव कृष्ण शास्त्री दुबे ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा व्यास ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार का नाश करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। उन्होंने कहा कि यह लीला केवल धार्मिक प्रसंग ही नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, गौ सेवा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देती है। आचार्य शिव कृष्ण शास्त्री दुबे ने कहा कि गोवर्धन पर्वत भगवान श्रीकृष्ण का ही स्वरूप माना जाता है। श्रद्धा और विश्वास के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा एवं परिक्रमा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है। उन्होंने गोवर्धन पूजा की विधि और उसके धार्मिक महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज के भजनों और संकीर्तन पर भक्तिभाव से नृत्य किया, जिससे पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है, जिनका क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ श्रवण कर रहे हैं। कथा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page