हाथरस 23 जून। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव भोपतपुर में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार भोपतपुर निवासी सुंदरलाल (85) पुत्र तारा सिंह अपने घर में बेहोशी की हालत में पाए गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि घटना के समय मृतक का पुत्र भागीरथ किसी आवश्यक कार्य से अलीगढ़ गया हुआ था। बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने और बाद में मृत्यु की सूचना मिलने पर वह वापस घर पहुंचा। जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पुत्र भागीरथ ने बताया कि उन्हें अपने पिता की मौत के कारणों की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















