Hamara Hathras

Latest News

अमरोहा 23 जून । उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तंत्र विद्या के नाम पर एक किसान से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने एक कथित तांत्रिक पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव सरकड़ा कलां निवासी किसान आकाश चौधरी ने गजरौला निवासी जाने आलम के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने तंत्र क्रिया और विशेष विधि के माध्यम से रुपये कई गुना बढ़ाने का दावा किया था। इसी झांसे में आकर उसने आरोपी को अलग-अलग किश्तों में बड़ी धनराशि सौंप दी। आकाश चौधरी के अनुसार उसकी मुलाकात जाने आलम से एक मेडिकल स्टोर पर हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने 10 हजार रुपये लेकर कुछ समय बाद 20 हजार रुपये वापस कर दिए, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने तंत्र विद्या के जरिए बड़ी रकम दोगुनी करने का लालच दिया। पीड़ित का आरोप है कि वह धीरे-धीरे अपनी जमीन बेचता गया और उससे प्राप्त धनराशि आरोपी को देता रहा। नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये आरोपी तक पहुंच गए। जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिली तो उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। मामले के बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी नोटों की गड्डियों के सामने दीपक जलाकर तंत्र-मंत्र की क्रिया करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रही रकम वास्तविक है और वह स्वयं उस दौरान मौके पर मौजूद था। वीडियो में तारीख 8 जनवरी 2025 और दिन बुधवार का उल्लेख भी सुनाई दे रहा है। आकाश चौधरी का कहना है कि इस कथित ठगी के कारण उसकी पूरी जमा-पूंजी और जमीन चली गई, जिससे वह आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। वहीं, पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page