Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जून । जनपद में सार्वजनिक एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने आज नगर के विभिन्न पुस्तकालयों एवं कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी तथा प्रेमहरि लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि तीनों लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित की जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संचालकों से विनियमित क्षेत्र से स्वीकृत भवन मानचित्र, फायर सेफ्टी अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा विद्युत उपकरणों के सत्यापन संबंधी अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने संबंधित संचालकों को तत्काल प्रभाव से लाइब्रेरी बंद करने तथा छात्र-छात्राओं से ली गई फीस वापस करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS ने कहा कि भवन मानचित्र में बेसमेंट का उपयोग सामान्यतः पार्किंग, स्टोर अथवा शौचालय जैसी सुविधाओं के लिए स्वीकृत किया जाता है। यदि किसी भी बेसमेंट में स्वीकृत उपयोगों के अतिरिक्त कोई व्यावसायिक गतिविधि संचालित पाई जाती है या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलता है, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध अग्नि सुरक्षा नियमों एवं भवन उपविधियों के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और निर्धारित समय सीमा में कमियों का निस्तारण नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संस्थान एवं प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, पार्किंग एवं अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page