Hamara Hathras

Latest News

हाथरस, 23 जून। अलीगढ रोड स्थित तहसील सदर में रजिस्ट्री विभाग में प्रस्तावित ‘फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली के विरोध में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों एवं टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले तहसील परिसर में चल रहे इस आंदोलन के चलते रजिस्ट्री कार्यालय का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और आम लोगों को भी विभिन्न कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘फ्रंट ऑफिस’ व्यवस्था को तानाशाहीपूर्ण निर्णय बताया। आंदोलनकारियों का कहना है कि इस नई प्रणाली के लागू होने से वर्षों से रजिस्ट्री कार्य से जुड़े अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों एवं टाइपिस्टों के सामने रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। धरने की अध्यक्षता संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिना पर्याप्त विचार-विमर्श और संबंधित पक्षों से संवाद किए इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है, जिसका सीधा असर हजारों परिवारों की आजीविका पर पड़ेगा। हड़ताल के कारण तहसील परिसर की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। रजिस्ट्री कार्यालय में कार्य ठप होने से जमीनों की खरीद-फरोख्त सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में देरी हो रही है, जिससे आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता। इस बीच समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामनारायण काके अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों एवं टाइपिस्टों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है और सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। धरना-प्रदर्शन में नरेश कुमार सिंह, मोहित कश्यप, सुरेश चंद्र देशमुख, देवेश दीक्षित, योगेंद्र पौरुष, हरिशंकर कातिब, वीरेंद्र देशमुख, चंद्रवीर सिंह, कालीचरण महाशय, सुनील कुमार, बिजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टांप वेंडर एवं टाइपिस्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page