हाथरस 23 जून। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अंतर्विभागीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अभियान से संबंधित गतिविधियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संचालित करें तथा अपनी कार्ययोजना स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा रोगियों को त्वरित और समुचित उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
सीडीओ ने नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को स्वच्छता अभियान चलाने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां संयुक्त रूप से घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी तथा जनसामान्य को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति संवेदनशील बनाएंगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ नगर विकास, ग्राम्य विकास, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यान, सूचना विभाग, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, चिकित्सा शिक्षा तथा जल निगम सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर पांच महत्वपूर्ण प्रकार की सूचनाएं एकत्रित करेंगी। इनमें बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की सूची, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची तथा ऐसे मकानों की सूची शामिल होगी जहां मच्छरों का प्रजनन पाया जाता है। इन सूचनाओं को ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा ताकि रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जा सके। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

























