लखनऊ 22 जून । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली, जिसके तुरंत बाद उन्होंने राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान कर दिया। अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरी इच्छा थी कि मैं यहीं रहूं, लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है और कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आए हैं। इस हादसे में 14 बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। इस दुखद घटना के कारण मुझे तत्काल लखनऊ वापस जाना पड़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों और परिजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। घटना के बाद प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















