हाथरस 20 जून । पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा जोश चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा चलाया गया एक माह का तुलसी वितरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के समापन अवसर पर खाटूश्याम मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की। संस्था के अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय सहपऊ वाले एवं युवा समाजसेवी सौरभ शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में कुल 1100 तुलसी के पौधे निशुल्क वितरित किए गए। अभियान का उद्देश्य लोगों को तुलसी के औषधीय एवं पर्यावरणीय महत्व के प्रति जागरूक करना तथा प्रत्येक घर में तुलसी का पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना था। अभियान के दौरान संस्था के स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर तुलसी के पौधों का वितरण किया और लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी उचित देखभाल एवं संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि तुलसी को भारतीय संस्कृति में विशेष स्थान प्राप्त है और इसे ‘संजीवनी बूटी’ के रूप में भी जाना जाता है। तुलसी न केवल वातावरण को शुद्ध करने में सहायक है, बल्कि इसके औषधीय गुण अनेक बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य संवर्धन में भी उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि युवा जोश चैरिटेबल सोसाइटी भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, सौरभ शर्मा, चंदन वार्ष्णेय, अनिल वार्ष्णेय, तरुण पंकज, रवि वार्ष्णेय, विशाल दुबे, आशीष गौड़, रामजी लाल, मोहित वार्ष्णेय, पिंटू गुप्ता, विकास कुशवाह, गोपाल अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।




















