Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18  जून । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला भूरा में आज प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक अंत सामने आया। गांव के एक युवक ने कथित रूप से अपनी विवाहित प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई तथा मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक युवक की पहचान प्रकाश पुत्र राधेश्याम निवासी नगला भूरा के रूप में हुई है, जबकि मृतका प्रियंका पत्नी विपिन बताई गई है। प्रियंका एक बच्चे की मां थी। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर प्रकाश प्रियंका के घर पहुंचा। उस समय प्रियंका का पति विपिन काम पर गया हुआ था और घर पर प्रियंका अकेली थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित रूप से प्रकाश ने प्रियंका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद प्रकाश घबरा गया और पुलिस कार्रवाई के भय से उसने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को जब प्रियंका का पति विपिन काम से घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह पीछे के रास्ते से घर के अंदर पहुंचा। कमरे में पहुंचते ही उसके होश उड़ गए। कमरे में उसकी पत्नी प्रियंका का शव पड़ा था, जबकि प्रकाश का शव फंदे से लटका हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु माथुर, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया विवाद के बाद हत्या और फिर आत्महत्या की बात सामने आ रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु माथुर ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page