हाथरस 18 जून । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कुम्हरई पोस्ट परसारा निवासी एक युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कुम्हरई निवासी राजेश कुमार ने थाना चंदपा में दी गई तहरीर में बताया कि 17 जून 2026 की शाम वह अपने घर की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कालू, टीपू, शाहरुख, संजय तथा दो-तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोग बेल्ट लहराते हुए उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना गली में हुई, जिससे आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। मारपीट में राजेश कुमार को चोटें आई हैं। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राजेश कुमार ने थाना चंदपा पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपितों एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















