हसायन 17 जून । हसायन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता के अनुसार उनकी 28 वर्षीय पुत्री 10 जून की सुबह करीब 10 बजे बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 11 जून को थाना हसायन में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी जुटाने पर पता चला कि नवाब सिंह निवासी हरिपुरा हिजरवान, फतेहाबाद (हरियाणा) कथित रूप से युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों का यह भी कहना है कि युवती अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





















