Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जून । मुरसान कस्बे के हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार की हत्या के विरोध में बुधवार को परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई।

बताया गया कि थाना इगलास क्षेत्र के गांव असरोई निवासी सुनील कुमार की 14 जून को दयालपुर पेट्रोल पंप के पास लेनदेन के विवाद में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब तक अजय सिंह और चंदन को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीसरा आरोपी सुखवीर फौजी अभी भी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन और ग्रामीण बुधवार सुबह करीब 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। मृतक की पत्नी अंजू देवी ने रोते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं मृतक के भाई विकास चौधरी ने कहा कि परिवार को न्याय तभी मिलेगा जब सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। धरने के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए। स्थिति को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। धरने में पूर्व विधायक प्रताप चौधरी एवं राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह भी शामिल रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस एवं जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं आकर उनकी बात नहीं सुनेंगे, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। बाद में जिलाधिकारी अतुल वत्स मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक धरना समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page