Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जून। संतमत के महान प्रवर्तक संत तुलसी साहिब महाराज के 183वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत मंगलवार को संत तुलसी साहिब आश्रम आध्यात्मिक चेतना, भक्ति और सद्भाव का केंद्र बना रहा। देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं सत्संगियों की उपस्थिति में भव्य सत्संग एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अंजुला माहौर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने संत तुलसी साहिब महाराज के जीवन, शिक्षाओं एवं संतमत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। सदर विधायक अंजुला माहौर ने अपने संबोधन में कहा कि संतों की वाणी समाज को सत्य, प्रेम, सेवा और मानवता का मार्ग दिखाती है। संत तुलसी साहिब महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को आध्यात्मिक चेतना एवं सद्भाव का संदेश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं कांग्रेस कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि भारत संतों और महापुरुषों की तपोभूमि रहा है। संत तुलसी साहिब महाराज ने मानव मात्र को प्रेम, सद्भाव और आत्मज्ञान का संदेश दिया। उनके विचार समाज को एकता, भाईचारे और नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी से संत तुलसी साहिब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला माहौर ने वर्तमान गद्दीधर श्री महंत आचार्य गुरलोचन दास महाराज को पीत वस्त्र अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं श्री महंत आचार्य गुरलोचन दास महाराज ने विधायक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जनसेवा के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन वरिष्ठ आशुकवि अनिल बोहरे ने किया। समारोह में संतमत की महिमा का गुणगान, भजन, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों की रसधारा प्रवाहित हुई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। समारोह में आश्रम से जुड़े संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page