Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जून। मुरसान थाना क्षेत्र में हार्डवेयर कारोबारी सुनील की हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार 14 जून को विकास कुमार पुत्र जगवीर सिंह निवासी ग्राम असरोई, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ ने मुरसान थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके भाई सुनील को उनके तीन साथियों ने घर से बुलाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में थाना मुरसान पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया था। घटना के दिन ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अजय सिंह पुत्र रामवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों द्वारा ग्राउंड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों एवं सर्विलांस की मदद से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में मुरसान पुलिस ने बुधवार को आरोपी चंदन पुत्र ओमवीर सिंह निवासी ग्राम रहना, थाना हाथरस गेट को थाना सासनी क्षेत्र के सुसायत कलां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मामले का एक अन्य नामजद आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले का विधिक निस्तारण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page