सादाबाद 15 जून। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारियों ने सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी को सौंपा। लंबित किसान समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि सोनभद्र जिले के भेंसावर गांव में चकबंदी संबंधी समस्याओं को लेकर किसान पिछले 13 माह से धरने पर हैं। इसी तरह, गौतमबुद्ध नगर के रौनीजा गांव में यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किसान 12 माह से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। किसानों का आरोप है कि इन लंबे धरनों के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। संगठन ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर ओएसडी नरेंद्र चौहान को तीन बार ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। भाकियू लोकशक्ति की प्रमुख मांगों में यमुना एक्सप्रेस-वे के साथ आगरा तक सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। संगठन का तर्क है कि एक्सप्रेस-वे बनने के बाद पुराने संपर्क मार्ग प्रभावित हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए महंगा टोल टैक्स देना पड़ता है। किसानों ने मांग की है कि अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों की तरह स्थानीय लोगों के लिए वैकल्पिक निशुल्क मार्ग उपलब्ध कराया जाना चाहिए। ज्ञापन में वर्ष 2008 के समझौते के अनुसार प्रभावित किसानों को आवासीय प्लॉट और अतिरिक्त मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इसके अतिरिक्त, जेवर टोल प्लाजा के प्रबंधक पर किसान संगठनों के प्रति कथित अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पर खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। किसान नेताओं ने प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 50 किलोमीटर तक टोल टैक्स समाप्त करने की मांग की। उन्होंने जेवर टोल रैंप को तत्काल बंद करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष महेश गुप्ता, विशंभर दयाल, विनोद कुमार, लोकेश त्यागी, भूपेंद्र चौधरी, ललित सिसोदिया, सुशील कुमार, दाऊदयाल अग्रवाल, श्यामवीर, शंकर, मुन्नालाल, प्रशांत त्यागी, युवराज शर्मा, लखन चौधरी, मयंक चौधरी, मानु चौधरी सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
Next News :-आइसक्रीम दुकान पर पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






