
हाथरस 15 जून। भीषण गर्मी के बीच सामाजिक सरोकार निभाते हुए रोटरी क्लब ऑफ हाथरस गोल्ड द्वारा आज नया गंज स्थित ऋषि बंसल के प्रतिष्ठान पर “मीठी ठंडी लस्सी वितरण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे शुरू हुए इस सेवा कार्य में लगभग 1000 राहगीरों एवं आम नागरिकों को मीठी एवं ठंडी लस्सी वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्मी से राहत प्रदान करना तथा समाज सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा। राहगीरों ने ठंडी लस्सी का आनंद लेते हुए रोटरी क्लब के इस जनसेवा कार्य की सराहना की। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष सतीश गोयल, उपाध्यक्ष आर.सी. नरूला, मानद सदस्य लक्ष्मीपति सेकसरिया, क्लब ट्रेनर ओ.पी. सलूजा, पूर्व अध्यक्ष विजय कृष्ण, पूर्व अध्यक्ष (एड.) योगेंद्र मोहता गर्ग, अनिल मित्तल, पूर्व अध्यक्ष ऋषि बंसल, पूर्व अध्यक्ष सूरज प्रकाश अरोरा, राकेश गोयल तथा विजय मेहरा सहित क्लब के अनेक सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के पश्चात सभी सदस्यों ने ऋषि बंसल के प्रतिष्ठान पर पारंपरिक जलेबी और बेड़ई का आनंद लिया। क्लब पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


























