Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 जून। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया के अगले चरण के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV&PST) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस Chiranjeev Nath Sinha ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परीक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शारीरिक मानक परीक्षण के लिए गठित टीम, अभिलेख सत्यापन हेतु उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से आई टीम तथा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने 15 जून से प्रारंभ होकर 16 जून 2026 तक संचालित होने वाली डीवी एवं पीएसटी प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए काउंटरों एवं टेबलों का निरीक्षण किया तथा परीक्षण में उपयोग होने वाले उपकरणों की कार्यक्षमता की भी जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शारीरिक मानक परीक्षण में प्रयुक्त सभी उपकरण पूरी तरह दुरुस्त रहें तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page