
हाथरस 15 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न योग आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जनपद स्तर पर स्लोगन प्रतियोगिता, योग चित्रकला प्रतियोगिता एवं योगासन प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी आयुष विभाग द्वारा विकसित पोर्टल पर 17 जून सायं 5 बजे तक अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को अपना नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, आयु एवं जनपद संबंधी विवरण दर्ज करना होगा। स्लोगन प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को हिंदी में न्यूनतम दो और अधिकतम चार पंक्तियों का स्लोगन अपलोड करना होगा। योग चित्रकला प्रतियोगिता में योग विषय पर आधारित 70×56 सेंटीमीटर आकार का हस्तनिर्मित पोस्टर बनाकर उसकी स्पष्ट फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी, जबकि योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अधिकतम एक मिनट का योगासन प्रदर्शन वीडियो अपलोड करना होगा। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा और प्रत्येक प्रतियोगिता में पांच-पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को 21 जून से 30 जून 2026 के बीच पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 5,100 रुपये, चतुर्थ पुरस्कार 2,100 रुपये तथा पंचम पुरस्कार 1,100 रुपये निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन का आधार है तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित ये प्रतियोगिताएं समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


























