Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 जून। कस्बे में आइसक्रीम विक्रेता के सूने घर में लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोर दीवार में बने एक सुराख से घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तब हुई जब गृहस्वामी रामबाबू बघेल आइसक्रीम बेचने के लिए बाहर गए हुए थे और उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। रामबाबू बघेल पुत्र महेंद्र सिंह बघेल गुरुवार दोपहर करीब दो बजे घर में ताला लगाकर निकले थे। रात करीब 10 बजे जब रामबाबू वापस लौटे, तो उन्हें मुख्य गेट का ताला सही मिला। हालांकि, अंदर रसोई का ताला टूटा हुआ था। रामबाबू के अनुसार, रसोई में ही कमरों की चाबियां रखी थीं, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए थे। चोरों ने इन चाबियों का इस्तेमाल कर कमरों के ताले खोले और लोहे की अलमारी तथा बक्सों को खंगाल डाला। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। पीड़ित का कहना है कि उनके मकान के बराबर में एक खाली प्लॉट है, जिसकी बाउंड्रीवाल में पहले से एक सुराख बना हुआ था। आशंका है कि चोर उसी रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरों ने सोने के जेवरात, जिनमें गले का सेट, चार अंगूठियां, दो जंजीर, एक मंगलसूत्र और अन्य आभूषण शामिल हैं, चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, चांदी के जेवर जैसे करधनी, पाजेब और अन्य सामान के साथ 45 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page