Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जून। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जनपद में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण प्राप्त करने का अधिकार है तथा बाल श्रम मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जागरूकता वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाल श्रम निषेध संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही लोगों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी बच्चे से श्रम न कराएं तथा बाल श्रम से जुड़ी जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page