
नई दिल्ली 03 जून । दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र स्थित फ्लोरिश स्टे होटल (बी एंड बी) में आज सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों के नागरिक भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 8:48 बजे होटल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग होटल के रेस्टोरेंट क्षेत्र से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों के कमरों तथा बेसमेंट तक फैल गई। दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अग्निशमन विभाग की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। घटना में झुलसे लोगों को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुल 39 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 18 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार मृतकों की संख्या 21 तक पहुंच गई है, जबकि कई घायलों का उपचार जारी है। प्रशासन ने बताया कि बचाव एवं तलाशी अभियान देर शाम तक जारी रहा और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भवन के भीतर कोई व्यक्ति फंसा न रह गया हो। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा अन्य एजेंसियां मौके पर तैनात रहीं। घटना पर प्रधानमंत्री कार्यालय, दिल्ली सरकार एवं उपराज्यपाल कार्यालय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आग किस कारण से लगी और क्या होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया गया था। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


























