
हाथरस (मुरसान) 02 जून । कस्बा मुरसान में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खड़ी बाइक और मकान के मुख्य गेट में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में एक दुकानदार बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरसान रेलवे स्टेशन के सामने निवासी शिवम के मकान का मुख्य गेट बंद था और उसके समीप उनकी बाइक खड़ी हुई थी। शिवम उस समय घर के आसपास टहल रहे थे। इसी दौरान मथुरा-बरेली मार्ग पर तेज गति से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था। नियंत्रण खोने के बाद कार सबसे पहले घर के बाहर खड़ी बाइक से टकराई, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कार सीधे मकान के मुख्य लोहे के गेट में जा घुसी, जिससे गेट को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति कार की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


























