
हाथरस 30 मई । हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में जिम से घर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना का मामला मानकर जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिरजापुर निवासी बंटी पुत्र जानकी प्रसाद (16 वर्ष) शुक्रवार शाम जलेसर में जिम करने गया था। खराब मौसम और बारिश के बीच वह घर लौट रहा था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव भोपतपुर गांव के पास, थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में बरामद हुआ। मृतक के ताऊ अतर सिंह ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान बंटी जलेसर क्षेत्र के महानवई स्थित एक मदरसे में चला गया था। उनका दावा है कि वहीं उसकी हत्या की गई और बाद में शव को भोपतपुर के पास फेंक दिया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे जानकारी लेने के लिए मदरसे पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया तथा उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो भाई और तीन बहनों को छोड़ गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी रोष व्याप्त है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, पोरा चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। प्रारंभिक जांच में किशोर की मौत सड़क हादसे में होना प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने का इंतजार कर रही है।


























