
हाथरस 29 मई । सदर कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में आज प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। जानकारी के अनुसार प्रसव पीड़ा होने पर परिजन एक गर्भवती महिला को आगरा रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में महिला का प्रसव कराया गया, लेकिन प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। नवजात की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इस संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि प्रसव के दौरान नवजात की मौत हुई थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
Next News :-हाईवे पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, ताजमहल घूमकर लौट रहे थे तीनों दोस्त, दो घायल
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








