
हाथरस (मुरसान) 29 मई । मुरसान क्षेत्र के गांव कोटा में शुक्रवार सुबह रास्ते से निकलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जबकि एक युवती की हालत गंभीर होने पर उसे हाथरस जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गांव कोटा निवासी इमरान पुत्र इकबाल ने बताया कि वह दिल्ली-नोएडा में रहकर नौकरी करता है और ईद के त्योहार पर अपने गांव आया हुआ है। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने रास्ते पर लेंटर डालकर कब्जा कर रखा है। शुक्रवार सुबह जब वह बाइक से रास्ते से होकर गुजर रहा था, तभी आरोपी पक्ष के करीब पांच लोग रास्ते में कुर्सियां डालकर बैठे हुए थे। इमरान का कहना है कि उसने आरोपियों से रास्ता खाली करने की बात कही, इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सभी लोगों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर बचाने आई उसकी बहन और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। इमरान की बहन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

























