
हाथरस 16 जुलाई। नगर के कमला बाजार स्थित मंदिर ठाकुर श्री बिहारी जी महाराज (बड़ी कोठी) से आज भगवान श्री जगन्नाथ जी महाराज की 54वीं पारंपरिक रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष एवं हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान हो उठा। रथयात्रा से पूर्व मंदिर में 21 दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिदिन ठाकुर श्री बिहारी जी महाराज की मनोहारी एवं आकर्षक झांकियों के दर्शन श्रद्धालुओं को कराए गए। परंपरा के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ जी के ननिहाल प्रवास और 15 दिनों तक अस्वस्थ रहने की मान्यता के उपरांत उनके स्वस्थ होने के उपलक्ष्य में रथयात्रा का आयोजन किया जाता है। इसी अवधि में पुरी धाम में भी भगवान के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट बंद रहते हैं। आज रथयात्रा से पूर्व भगवान श्री जगन्नाथ जी का विधि-विधान से अभिषेक एवं विशेष पूजन किया गया। इसके बाद सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के नगर भ्रमण के लिए रथयात्रा निकाली गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और जगह-जगह आरती एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस धार्मिक आयोजन में रिसीवर मुकेश वर्मा, कार्यक्रम संयोजक रमेश चंद्र वर्मा एवं मनोज वर्मा (पूर्व सभासद, एडवोकेट), राम भगवान, सुरेश चंद तिवारी, श्यामलाल वर्मा, गिर्राज किशोर, विजय वर्मा (छोटे), पवन वर्मा, लखन वर्मा, सुशील वर्मा, रमेश चंद, महेश चंद, प्रकाश चंद, ओमप्रकाश, प्रेम गुरु, श्री भगवान (पूर्व सभासद), दुर्गेश वर्मा (पूर्व सभासद), विमल वर्मा, गोपाल कूलवाल, चेतन वर्मा, रवि वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। रथयात्रा के दौरान श्री गौरांग संकीर्तन मंडल द्वारा प्रस्तुत हरिनाम संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ जी की भक्ति में सराबोर दिखाई दिए।













