
हाथरस 29 मई । पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस में आयोजित प्रातः शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने हेतु दौड़ लगवाई तथा अनुशासन एवं एकजुटता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई। पुलिस अधीक्षक के आगमन पर परेड द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी, साफ-सफाई एवं अनुशासन का जायजा लेते हुए सभी को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वर्दी धारण करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद परेड का अभ्यास कराया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड में उपस्थित निलंबित कर्मियों से भी वार्ता की गई। साथ ही डायल-112 के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का निरीक्षण करते हुए घटनास्थल किट, हूटर, साफ-सफाई एवं वाहनों के रखरखाव की स्थिति को चेक किया गया तथा प्रभारी डायल-112 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरा सहित अन्य उपकरणों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस लाइन स्थित कैंटीन (अमूल पार्लर) का भी गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अध्ययन कक्ष, पुस्तक अलमारियां, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष में अर्दली रूम किया गया। अर्दली रूम के दौरान विभिन्न शाखाओं एवं गार्डों के रजिस्टरों तथा निरीक्षण पुस्तिकाओं का परीक्षण किया गया। उन्होंने जनपद में तैनात गार्डों का समय-समय पर निरीक्षण करने एवं निरीक्षण पुस्तिका में अंकन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिसार निरीक्षक को पुलिस लाइन परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित समस्त थाना, कार्यालय एवं पुलिस लाइन से आए अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





















