Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 मई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की श्री कृष्ण शाखा का वार्षिक उत्सव आगरा मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर संघ चालक डॉ. पी.पी. सिंह एवं मुख्य वक्ता योगेश बागड़ी द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उत्सव में शाखा के स्वयंसेवकों ने योग, व्यायाम, दंड प्रहार, नियुद्ध सहित विभिन्न शारीरिक एवं बौद्धिक गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को आकर्षित किया। मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी ने कहा कि शाखा केवल खेलकूद का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। शाखा में सामाजिक समरसता, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण विकसित होता है, जिससे स्वयंसेवकों में सेवा, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि संघ का स्वयंसेवक सदैव राष्ट्र और समाजहित में कार्य करने के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष में निर्धारित “पंच परिवर्तन” विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक स्वयंसेवक को स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन एवं नागरिक कर्तव्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से शाखा भेजने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन नगर सह शारीरिक शिक्षक प्रमुख विपिन कुमार शर्मा ने किया। अंत में शाखा कार्यवाह पंकज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित बंधुओं का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में शाखा पालक हरिओम ,मुख्य शिक्षक दीपक , नगर प्रचारक शिवम ,सह विभाग संपर्क प्रमुख दुर्गेश, जिला व्यवस्था प्रमुख मनीष, जिला कुटुंब प्रबोधन दीपक ,सह जिला योग प्रमुख राजेश ,नगर कार्यवाह भानु ,सह नगर कार्यवाह अमित , सह नगर व्यवस्था प्रमुख संदीप , सह नगर सेवा प्रमुख राजू , सह नगर सम्पर्क प्रमुख वीरेंद्र ,सह नगर सामाजिक सदभाव प्रमुख जुगनू , शरद तिवारी  व कृष्ण गोपाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page