
हाथरस 24 मई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय द्वारा रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला मनी एवं बामोली, ब्लॉक मुरसान का औचक निरीक्षण किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला मनी के निरीक्षण के दौरान डॉ. सौरभ उपाध्याय (आयुष चिकित्सा अधिकारी), फार्मासिस्ट हरीश उपाध्याय, एलटी सोमेश राजपूत एवं वार्ड बॉय दिनेश पाठक उपस्थित मिले। केंद्र पर साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ओपीडी में कुल 18 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें दो मरीजों की ब्लड शुगर एवं हाइपरटेंशन तथा एक मरीज की ब्लड जांच की गई। निरीक्षण में पाया गया कि ईडीएल मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 175 दवाएं उपलब्ध थीं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने फार्मासिस्ट को निर्देश दिए कि ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। अप्रैल माह में यहां 8 गर्भवती महिलाओं का सफलतापूर्वक प्रसव कराया जा चुका है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध मिली तथा कंडोम बॉक्स भी भरा हुआ पाया गया। इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामोली का निरीक्षण किया, जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, स्टाफ नर्स प्रीति, फार्मासिस्ट यतेंद्र पाठक एवं एलटी अंकुश गुप्ता उपस्थित पाए गए। ओपीडी में कुल 25 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें एक मरीज की एएनसी तथा एक मरीज की ब्लड शुगर जांच की गई थी। केंद्र पर सफाई एवं पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ईडीएल मानक के अनुरूप 195 के सापेक्ष 188 दवाएं उपलब्ध थीं। लैब टेक्नीशियन अंकुश गुप्ता ने बताया कि आज मलेरिया, डेंगू, हीमोग्लोबिन एवं हेपेटाइटिस सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई।


























