Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 मई । क्षेत्र के गांव गढ़ी नोकस में शनिवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट के चलते एक पशुशाला में भीषण आग लग गई। हादसे में एक जर्मन शेफर्ड नस्ल के कुत्ते की मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आग लगने से हजारों रुपये का घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार गांव गढ़ी नोकस निवासी सुनील ठाकुर पुत्र गिरिराज सिंह के पशुओं के घेर में लगे समरसेबल के स्टार्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने पशुशाला में रखे भूसे को आग की चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई। बताया गया कि भीषण गर्मी के चलते परिवार ने अपने पालतू पशुओं और कुत्ते को पशुशाला में बांध रखा था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां बंधी भैंस बुरी तरह झुलस गई, जबकि जर्मन शेफर्ड कुत्ता गंभीर रूप से झुलसने के कारण बाद में दम तोड़ गया। आगजनी में चारपाई, कुर्सी, तख्त एवं भूसा सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समरसेबल के पाइपों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान सुनील ठाकुर ने बताया कि आग लगने से उनका भारी नुकसान हुआ है। वहीं झुलसी हुई भैंस की हालत गंभीर बनी हुई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page