
हाथरस 19 मई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) NHAI संख्या-509, आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे निर्माण एवं विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहीत भूमि के प्रतिकर भुगतान तथा भूमि पर कब्जा परिवर्तन और दिलाए जाने के संबंध में जिलाधिकारी अतुल वत्स DM ATUL VATS की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके और आमजन को इसका शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने तहसीलवार अधिग्रहीत भूमि एवं लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं एनएचएआई अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर कब्जा संबंधी शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिग्रहीत भूमि के पात्र किसानों एवं भू-स्वामियों को प्रतिकर राशि का भुगतान पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा जिन मामलों में आपत्तियां या विवाद लंबित हैं, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे परियोजना कार्य प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने एनएचएआई एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां तत्काल भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी, संबंधित पटल लिपिक एवं एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
Next News :-डीजल की बढ़ती कीमतों के चलते हाथरस में ट्रांसपोर्ट भाड़े में 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















