Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 मई । क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। गर्म हवाओं और दूषित खानपान के चलते उल्टी-दस्त, डायरिया, बुखार और कमजोरी से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में मरीजों का ऐसा मेला लगा कि दोपहर डेढ़ बजे तक ओपीडी में 600 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराया। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर कार्य का दबाव बढ़ गया। डॉक्टरों ने लगातार मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों के अनुसार इस समय सबसे अधिक मरीज उल्टी-दस्त, डायरिया, तेज बुखार और शरीर में कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को त्वरित जांच और उपचार मिल सके। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौहान ने बताया कि सोमवार को मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी मरीजों की समुचित जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि डायरिया से पीड़ित मरीजों को भर्ती कर लगातार निगरानी में उपचार दिया जा रहा है। डॉ. चौहान ने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर का बासी और दूषित भोजन खाने से बचें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है। अस्पताल प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page