Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 मई । हाथरस रोड पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की बाइक ट्रक के निचले हिस्से में फंस गई और वह कई मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। राहगीरों की सतर्कता और शोर मचाने पर ट्रक चालक ने वाहन रोका, जिससे युवक की जान बच सकी।यह हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे सादाबाद-हाथरस मार्ग पर खंड विकास कार्यालय के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंदपा थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा निवासी रामवीर सिंह पुत्र चुन्नालाल अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और रामवीर सिंह सड़क पर काफी दूर तक घसीटते चले गए। यह भयावह दृश्य देखकर राहगीरों ने तुरंत शोर मचाया और ट्रक चालक को वाहन रोकने के लिए मजबूर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से घायल युवक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page