Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 मई । मथुरा-कासगंज रेलवे लाइन पर माया सिटी के सामने सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे लाइन के समीप चल रहे कटिंग कार्य के दौरान एक ट्रैक्टर बैक करते समय सवारी ट्रेन से टकरा गया। हादसे में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रेन में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे लाइन के पास वेरी कटिंग का कार्य चल रहा था। इसी कार्य में उपयोग होने वाला सामान लेकर एक ट्रैक्टर मौके पर पहुंचा था। चालक ट्रैक्टर को पीछे कर रहा था, तभी मथुरा की ओर से आ रही सवारी ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान ट्रेन में सवार पुष्पेंद्र पुत्र डोरीलाल निवासी हसायन अचानक गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर घायल यात्री को उपचार के लिए बांग्ला अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की हाथरस सिटी पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के कारण सवारी ट्रेन लगभग 10 मिनट तक घटनास्थल पर रुकी रही। बाद में स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य कासगंज के लिए रवाना हो गई। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page