सासनी : 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, मंगलवार से शुरू होगा सफाई कार्य
सासनी 18 मई । नगर पंचायत सासनी में अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार देर शाम विभिन्न शर्तों के साथ समाप्त हो गई। पांच दिनों तक चली इस हड़ताल के कारण कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए थे और नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। अब मंगलवार से सफाई कर्मचारी पुनः कूड़ा उठाने और साफ-सफाई का कार्य शुरू करेंगे। हड़ताल के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर जमा हो गए थे, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बढ़ती गंदगी के कारण संक्रमण और मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका भी पैदा हो गई थी। यदि हड़ताल लंबी खिंचती तो नगर की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती थी। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज दिलेर और महासचिव अशोक कुमार ने बताया कि कर्मचारियों ने 11 मई को नगर पंचायत प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के साथ कई दौर की मौखिक वार्ता हुई, लेकिन मांगों पर संतोषजनक समाधान नहीं निकलने के कारण कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद कुछ शर्तों के साथ हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही यह तय किया गया कि मंगलवार से सभी सफाई कर्मचारी नगर में नियमित रूप से सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य प्रारंभ करेंगे। हड़ताल समाप्त होने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों को उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और सड़कों व मोहल्लों में जमा कूड़े का निस्तारण कर दिया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष मनोज दिलेर, दयाचंद्र शेखर, हरीशंकर, राजेश, शारदा देवी, नीलम कुमारी, गीता, आकाश, चंद्रभानु, कुलदीप, साहिल, त्रिमोहन, सुनील, मोहन, सोनू, अनिल, आशु, निर्मल कौशल, प्रेमचंद, ओम प्रकाश सहित अनेक सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

























