सिकंदराराऊ (हसायन) 10 मई । पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सलेमपुर रेलवे फाटक से करीब 200 मीटर दूर कासगंज की ओर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (10 मई) सुबह करीब 9:30 बजे सलेमपुर रेलवे फाटक और नगला रति के बीच एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन गुजरने के बाद जब फाटक खुला, तो वहां से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों की नजर क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना फाटक पर तैनात सुरक्षाकर्मी को दी, जिसके बाद सुबह 9:39 बजे पी.आर.बी. (UP 112) को सूचित किया गया। सूचना पाकर हाथरस जंक्शन कोतवाली से उपनिरीक्षक ललित कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कार्यवाहक थानाध्यक्ष व उपनिरीक्षक ललित कुमार शर्मा ने बताया कि पी.आर.बी. के माध्यम से सलेमपुर रेलवे लाइन पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था। विधिक कार्रवाई करते हुए शव को शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल हाथरस जंक्शन कोतवाली को सूचित करें।


























