
हाथरस 09 मई । शहर के पावना स्कूल में रविवार को ‘मदर्स डे’ बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘मातृदेवो भव’ की परिकल्पना को साकार करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से माँ के प्रति अपने अगाध प्रेम और उनके अतुलनीय योगदान को प्रदर्शित किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने माँ पर आधारित भावपूर्ण कविताएँ सुनाकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया, वहीं अन्य छात्रों ने गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से अपनी माताओं का सम्मान किया। इस अवसर पर माताओं और बच्चों के लिए संयुक्त रूप से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत छोटे बच्चों ने आइसक्रीम स्टिक और क्राफ्ट की मदद से सुंदर ग्रीटिंग कार्ड्स तैयार किए, जबकि कुछ विद्यार्थियों ने पेंटिंग के माध्यम से माँ की ममता और स्नेह को कैनवास पर उकेरा। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में माँ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “माँ हमारे जीवन की पहली गुरु होती है। उनके योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव अपने माता-पिता का सम्मान करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। अंत में सभी माताओं का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


























