Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मई । मुरसान क्षेत्र के प्रतिष्ठित आरबीएस पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र आरिफ खान ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है। राजधानी लखनऊ स्थित विधानसभा में आयोजित ‘युवा संसद’ में आरिफ खान (पुत्र श्री राजुद्दीन) ने हाथरस जनपद का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने सदन के पटल पर बड़ी प्रखरता और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखी, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

समारोह के दौरान विद्यालय के डायरेक्टर श्री रजनेश कुमार एवं प्रधानाचार्य श्री राजेश यादव ने आरिफ खान को स्मृति चिन्ह भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया। डायरेक्टर श्री रजनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे विद्यालय के छात्र का राज्य स्तर पर जिले का नेतृत्व करना पूरे मुरसान क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। प्रधानाचार्य श्री राजेश यादव ने आरिफ के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे, जिन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आरिफ की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

सम्मान समारोह में आरिफ खान ने वर्तमान छात्र-छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस प्रकार उन्होंने युवा संसद के लिए तैयारी की और विधानसभा जैसे बड़े मंच पर अपनी बात रखने के लिए आत्मविश्वास जुटाया। आरिफ के प्रेरणादायी शब्दों ने विद्यार्थियों में नया उत्साह भर दिया। अंत में सभी शिक्षकों और प्रबंधन तंत्र ने आरिफ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page