सिकंदराराऊ (हसायन) 05 मई । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका की शादी तुड़वाने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। शादी तय होने की जानकारी मिलने पर प्रेमी ने लड़की की होने वाली ससुराल जाकर जमकर हंगामा किया और परिजनों को डराया-धमकाया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का पास के ही गांव के युवक विकास पुत्र रेशमपाल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया। जब विकास को इस बात का पता चला, तो वह आगबबूला हो गया। आरोपी युवक विकास अपनी प्रेमिका की होने वाली ससुराल पहुंच गया। वहां उसने होने वाले पति और उसके परिजनों को डराया-धमकाया और अपनी व युवती की प्रेम प्रसंग की कहानी सुना डाली। उसका मकसद रिश्ता तुड़वाना और लड़के वालों के मन में खौफ पैदा करना था।
जब इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी युवती के पिता को हुई, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली पहुंचकर आरोपी विकास के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दबिश दी और नामजद आरोपी विकास को उसके घर से पकड़कर हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास पुत्र रेशमपाल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर उसे जेल भेज दिया है।

























