
हाथरस 03 मई । महिला थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। मानमहौ गांव निवासी हेमलता ने पति किशोर कुमार, ससुर फूलसिंह, सास ऊषा देवी, जेठ पवन और जिठानी साधना के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हेमलता पुत्री सौमेश कुमार की शादी 21 फरवरी 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से बांधनू, थाना सासनी निवासी किशोर कुमार से हुई थी। पिता ने शादी में करीब 7 लाख रुपये खर्च किए। दान-दहेज में मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रिज, कूलर, अलमारी, कपड़े दिए। स्त्रीधन के रूप में दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायजेब और एक जोड़ी सोने की झुमकी भी दी गई। तहरीर के अनुसार, ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर, जेठ-जिठानी तंग करने लगे और दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। हेमलता का आरोप है कि पति किशोर कुमार का जिठानी साधना से तालमेल था। विरोध करने पर सभी ससुरालीजन मारपीट व क्रूरता करते थे। ससुराल वालों ने उसे पागल साबित करने की कोशिश की और इलाज भी नहीं कराया। 17 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे हेमलता के पिता सौमेश कुमार और भाई गोपाल ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। धमकी दी कि “जब तक दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज में नहीं लाओगे, तब तक लड़की नहीं रखेंगे”। स्त्रीधन छीनकर जान से मारने की धमकी दी। मौके पर 112 नंबर पुलिस भी पहुंची और समझाया, लेकिन आरोपी नहीं माने।





















