
हाथरस 03 मई । कोतवाली क्षेत्र के सीयल खेड़ा आश्रम बगीची, अशोका टॉकीज के पास रहने वाले एक परिवार पर दबंगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि मुकदमे में 18 अप्रैल को गवाही न देने की धमकी देते हुए शराब के नशे में धुत पड़ोसी और उसके तीन बेटों ने दंपती को लाठी-डंडों से पीटा। शोर मचाने पर आरोपी छत से पत्थर फेंकने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख सभी फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रामू पुत्र रामखिलौनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह पत्नी व बच्चों के साथ घर में खाना खा रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले ओमप्रकाश पुत्र मुकंदीलाल अपने बेटों विक्की, पिंटू और सूरज के साथ शराब के नशे में घर में घुस आए। आरोपियों ने धमकी दी- “साले या तो मुकदमे में 18 अप्रैल को गवाही देने मत जाना, नहीं तो जान से मार देंगे।”
रामू के अनुसार, गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके व पत्नी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में रामू की बाजू व पैर में चोट आई है। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों को आता देख सभी आरोपी भागकर अपने घर की छत पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए पत्थर फेंकने लगे। पीड़ित ने तुरंत 1090 पर कॉल कर पुलिस बुलाई। पुलिस को देखकर आरोपी घर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने सुबह तहरीर देने को कहा। 9 अप्रैल को रामू ने कोतवाली में तहरीर दी और चोटों का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की। तहरीर पर उ.नि. वीर सिंह ने 2 मई 2026 को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। उ.नि. धीरेंद्र सिंह के निर्देश पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। कांस्टेबल अवधेश यादव ने तहरीर की नकल कंप्यूटर पर टाइप की। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित ने दबंगों से जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है।





















