
हाथरस 03 मई । आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेशव्यापी आह्वान पर रविवार को हाथरस में स्मार्ट मीटर के विरोध में ‘हल्ला बोल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह, सह-प्रभारी विशेष रवि और जिला प्रभारी मेंबर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वाटर वर्क्स स्थित बिजली उपकेंद्र पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बिजली के आम उपभोक्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर की खामियों और उससे बढ़ रहे बिजली बिलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि हाथरस की जनता स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली से बेहद परेशान है और इसका सीधा असर आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राकेश गौतम, राजेंद्र सिंह राणा, गीतम, रहमत अली, अजय कुमार, देवेंद्र सिंह, करण कश्यप, विनीता माथुर, अजय भारती और कृष्ण भारती सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में जिला महासचिव केके वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और उपभोक्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।




















